15 अक्टूबर 2019 - 13:42
अमरीका नेटो के ज़रिए तुर्की पर पाबंदी लगाने की कोशिश में, अर्दोग़ान को संभावित युद्ध अपराध और दाइश के उभरने के लिए ज़िम्मेदार ठह

अमरीका नेटो पर तुर्की के ख़िलाफ़ पाबंदी लगाने के लिए दबाव बना रहा है। अमरीका तुर्क राष्ट्रपति अर्दोग़ान पर संभावित युद्ध अपराध और दाइश के फिर से संभवतः उभरने का इल्ज़ाम लगा रहा है।

अमरीकी युद्ध मंत्रालय पेन्टगॉन ने दावा किया है कि पूर्वोत्तरी सीरिया में तुर्की के हमले से दाइश के ख़िलाफ़ अमरीका की अगुवाई वाला कथित अभियान कमज़ोर हुआ। पेन्टगॉन ने चेतावनी दी है कि वॉशिंग्टन अंकारा पर पाबंदी लगाने के लिए नेटो घटकों पर दबाव बढ़ाएगा।

अमरीकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने तुर्की पर दाइश के ख़िलाफ़ बहुराष्ट्रीय मिशन को, जिसे उन्होंने सफल बताया, कमज़ोर करने का इल्ज़ाम लगाया और पूर्वोत्तरी सीरिया से अमरीकी सैनिकों के निकलने के एलान को सुविचारित बताया।

एस्पर ने कहाः अगले हफ़्ते मैं ब्रसल्ज़ जा रहा हूं जहां दूसरे नेटो घटकों से तुर्की की इस बुरी कार्यवाही के जवाब में व्यक्तिगत व सामूहिक रूप से कूटनैतिक और आर्थिक कार्यवाही करने के लिए अपील करुंगा।

अमरीकी युद्ध मंत्री एस्पर ने व्यापक जानी नुक़सान, शरणार्थी समस्या, तबाही, असुरक्षा और अमरीकी सेना के लिए बढ़ते ख़तरे के लिए तुर्की को मुख्य रूप से ज़िम्मेदार ठहराया और कहाः "राष्ट्रपति अर्दोग़ान दाइश के संभावित रूप से उभरने, संभावित युद्ध अपराध  और बढ़ते मानवीय संकट के लिए पूरी तरह ज़िम्मेदार होंगे।"

पिछले हफ़्ते अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने सीरिया-तुर्की की सीमा से कम तादाद में अमरीकी सैनिकों को निकालने के बाद तुर्की को धमकी दी कि अगर उसने लाल रेखा पार की तो उसकी अर्थव्यवस्था को पूरी तरह तबाह कर देंगे, लेकिन ट्रम्प ने साफ़ तौर पर यह नहीं बताया कि वह क्या कार्यवाही करेंगे जिससे अंकारा की आर्थिक तबाही होगी।